बिलासपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की बीमार महिला को झाड़-फूंक के बहाने दुष्कर्म करने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह बीते नौ माह से फरारी काट रहा था। पुलिस की टीम ने चिरमिरी में दबिश देकर उसे पकड़ लिया। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। घटना पेंड्रा क्षेत्र की है। बीते मई माह में पीड़ित महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति अपने आप को नीम-हकीम बताकर झाड़-फूंक से बीमारी को ठीक करने का दावा करता था। आरोपित मोहम्मद असलम फैजी से वह अपनी समस्या बताने गई थी।
तब आरोपित ने उसे अप्रैल में अपने किराए के मकान में बुलाया। इस दौरान इलाज के बहाने उसे बेहोश कर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर वह महिला के साथ शादी करने का झांसा देने लगा। उसकी हरकतों से परेशान होकर महिला अपनी फरियाद लेकर थाना पहुंची।
उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपित मोहम्मद असलम फैजी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया। तब से आरोपित फरार चल रहा था। इस बीच उसके चिरमिरी में छिपे होने की खबर मिली। तब पुलिस की टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
बीमार महिला को झाड़-फूंक के बहाने दुष्कर्म